
स्टेट डेस्क
राजस्थान के जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (PHED) में वेतन विसंगति, प्रमोशन नहीं होने और मृतक आश्रितों की भर्ती के घोटाले के खिलाफ बुधवार को कर्मचारियों ने जल भवन पर प्रदर्शन किया और अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कर्मचारियों ने विभाग में काम ठेके पर देने वाले अफसरों के खिलाफ कार्रवाई कर नई भर्ती की मांग की है। प्रदर्शन राजस्थान वाट वर्कर्स कर्मचारी संघ की ओर से किया गया था।
प्रदर्शन में संघ प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप यादव, महामंत्री अशोक भोबिया, प्रवक्ता बाबूलाल शर्मा, कोषाध्यक्ष मोहनलाल शर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष महेंद्र सिंह शेखावत, मान प्रकाश सैनी, जिला अध्यक्ष भंवर पूनिया, महामंत्री बनवारी लाल सैनी, राजेंद्र सिंह हाडा, ड्रिलिंग विंग के अध्यक्ष विजय सिंह, जगदीश यादव, बद्रीनारायण शर्मा, ओम प्रकाश सैनी, जय सिंह मीणा सहित अन्य कर्मचारी नेता मौजूद थे।
जलदायकर्मियों ने मांगों को लेकर पहले रैली निकाली। इसके बाद जल भवन पर एकत्रित होकर नारेबाजी करते रहे। कर्मचारी जलदाय मुख्यालय में जाने लगे तो पुलिस ने रोक लिया। इस पर कर्मचारियों व पुलिस के बीच झड़प हो गई। माहौल बिगड़ता देख चीफ इंजीनियर (प्रशासन) राकेश लुहाडिय़ा ने संघ के प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप यादव व प्रतिनिधि मंडल को वार्ता के लिए बुलाया। कर्मचारियों ने जल भवन के गेट पर ही सभा शुरु कर दी। प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप यादव ने कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि विभाग के अधिकारियों का समय पर प्रमोशन हो रहा है, लेकिन अल्प वेतनभोगी कर्मचारियों को प्रमोशन के लिए कई साल तक इंतजार करना पड़ रहा है। विभाग में ठेका प्रथा को बढ़ावा देने के कारण बेरोजगार युवाओं की भर्ती नहीं की जा रही है। मृतक आश्रित भर्ती में भेदभाव हो रहा है। वार्ता में चीफ इंजीनियर ने कर्मचारियों की मांगों का एक महीने में समाधान करवाने का आश्वासन दिया।